पीसीओएस और बांझपन का क्या है संबंध, जानें क्या कहते हैं डॉक्टर

सर्दियों के मौसम में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं? - Sardi Ke Mausam Me Kya Khana Chahiye

हर मौसम की अपनी कुछ-न-कुछ खासियत हाेती है। अगर बदलते मौसम में खानपान पर ध्यान न दिया जाए, तो बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है। अधिकतर लोगों के मन में सवाल उठता है कि ठंड से बचने के लिए क्या खाएं, लेकिन इसका जवाब नहीं मिलता। इसलिए, हम बता रहे हैं कि सर्दियों के मौसम में क्या खाना चाहिए।

दरअसल, सर्दियों में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही शरीर को गर्माहट देने वाले खाद्य पदार्थ का सेवन करना लाभदायक होता है। आगे जानें सर्दियों के मौसम में क्या नहीं खाना चाहिए और क्या खाना चाहिए। सबसे पहले पढ़ें सर्दियों के मौसम में क्या खाएं।

सर्दियों के मौसम में क्या खाएं - Winter Foods to Eat In Hindi

सर्दियों में शरीर को गर्म रखने वाले और पोषक तत्वों से युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन किया जाना चाहिए (1)। इससे शरीर को पोषण मिलता है और सर्दी व बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है (2)। यहां हम गर्म तासीर वाले पौष्टिक खाद्य पदार्थों और उनके फायदे की जानकारी दे रहे हैं। चलिए, जानते हैं सर्दियों के मौसम में क्या खाएं।

1.हरी पत्तेदार सब्जियां

सर्दियों में हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन अच्छा हो सकता है। प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में ये सहायक माने जाते हैं (3)। सर्दियों में बथुआ और हल्दी के पत्तों में बने व्यंजन फायदेमंद हो सकते हैं (4)। इनमें मौजूद औषधीय गुण और कैरोटेनॉयड, विटामिन सी व फोलेट जैसे पोषक तत्व कई समस्याओं से बचाव कर सकते हैं (5)।

शोध के अनुसार, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करने से मधुमेह, कैंसर और हृदय संबंधी समस्याओं की रोकथाम हो सकती है। हरी पत्तेदार सब्जियों में पालक, पत्तागोभी, ब्रोकली, शलजम और सरसों के साग को शामिल किया जा सकता है (5)।

2.अनार

सर्दियों के लिए अनार का सेवन भी फायदेमंद हो सकता है। रिसर्च के अनुसार, अनार और इसका जूस सर्दियों के लिए परफेक्ट होता है। इसमें हृदय स्वास्थ्य में सुधार, प्रोस्टेट कैंसर से बचाव, मधुमेह को रोकने और कैंसर से लड़ने वाला एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव होता है। 

इसके अलावा, यह कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन ए और विटामिन सी जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। ये सभी पोषक तत्व शरीर स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं (6)।

3.एवोकाडो

सर्दियों के मौसम में एवोकाडो का सेवन भी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। यह फल फाइबर, पोटेशियम, सोडियम, मैग्नीशियम, विटामिन ए, सी, ई, के और फोलेट जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें बायोएक्टिव फाइटोकेमिकल्स भी होते हैं, जिसमें कैरोटेनॉइड्स और टेरपेनोइड्स आदि शामिल हैं।

इन फाइटोकेमिकल्स में एंटी-कार्सिनोजेनिक प्रभाव होता है, जो कैंसर की रोकथाम में मदद मिल सकती है। इसके अलावा, एवोकाडो में मौजूद विटामिन सी से हृदय की समस्याएं का कारण बनने वाले जोखिम जैसे कोलेस्ट्रॉल, हाइपरटेंशन और मधुमेह को नियंत्रित करने और उनकी रोकथाम में मदद मिल सकती है (7)।

4.सिट्रस फ्रूट्स

सर्दियों के मौसम में सिट्रस फलों का सेवन भी शरीर को कई प्रकार से लाभ पहुंचा सकता है। दरअसल, इनमें विटामिन सी पाया जाता है, जिसे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए जाना जाता है। इसके कारण सर्दी के मौसम में होने वाले कोल्ड और संक्रमण से बचा जा सकता है (8)।

साथ ही खट्टे फल फाइबर, पोटेशियम, फोलेट, कैल्शियम, थियामिन, नियासिन, विटामिन बी 6, मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इन्हें सेहत के लिए लाभदायक माना जाता है। खट्टे फलों में एंटी-ऑक्सीडेटिव, एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-कैंसर, हृदय संबंधी सुरक्षा प्रदान करने वाले प्रभाव और न्यूरोप्रोटेक्टिव प्रभाव होते हैं। इन फलों में संतरे, नींबू और अंगूर जैसे फल शामिल हैं (9)।

5.अंडा

अंडे को हर मौसम में खाया जा सकता है, लेकिन सर्दियों में अंडे का सेवन विशेषतौर पर लाभकारी माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, सर्दियों के मौसम में अंडे का सेवन विटामिन डी की कमी को पूरा करने में मददगार हो सकता है (10)। 

इसके अलावा, अंडे में प्रोटीन, फैट, विटामिन, मिनरल्स और बायोएक्टिव कंपाउंड होते हैं। इन पोषक तत्वों को हृदय रोग, कॉलेस्ट्रॉल से बचाव और विटामिन डी की कमी दूर कर सकता है (11)।

6.हल्दी

सर्दियों के मौसम में हल्दी का सेवन भी शरीर को गर्म रखने में मददगार हो सकता है। साथ ही इसमें कई प्रकार के औषधीय गुण होते हैं। जैसे कि सूजन कम करने वाला एंटीइंफ्लेमेटरी, कैंसर को बढ़ने से रोकने वाला एंटीकार्सिनोजेनिक, मधुमेह से बचाने वाला एंटीडायबिटिक प्रभाव होता है। 

यही नहीं इसमें सर्दियों में होने वाले इंफेक्शन से बचाने वाले एंटी बैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण भी पाए जाते हैं। ये शरीर को समस्याओं से बचाकर बीमारी से लड़ने में मदद कर सकते हैं (12)।

7.गाजर

रिसर्च के अनुसार, गाजर की प्रकृति गर्म और मॉइस्ट होती है, जिसके कारण यह शरीर को सर्दियों में लाभ पहुंचा सकता है। साथ ही रोजाना गाजर का सेवन करने से शरीर को पोषण और स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। 

दरअसल, गाजर में एंटीऑक्सिडेंट, एनाल्जेसिक यानी दर्द मिटाने, एंटी-इंफ्लेमेटरी मतलब सूजन कम करने वाले प्रभाव होते हैं। यही नहीं, गाजर में वायरल संक्रमण को रोकने वाला एंटीमाइक्रोबियल और किडनी स्टोन से बचाने वाला मूत्रवर्धक प्रभाव होता है (13)।

8.अदरक

अदरक का उपयोग भारतीय रसोई में कई प्रकार से किया जाता है। एक ओर स्वाद के लिए, तो दूसरी ओर इसके औषधीय गुणों के कारण स्वास्थ्य समस्याओं से बचे रहने के लिए अदरक का इस्तेमाल होता है। अदरक के सेवन से सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्म रखने में भी मदद मिलती है, क्योंकि अदरक की तासीर गर्म होती है (14)।

साथ ही अदरक में बैक्टीरिया के कारण होने वाले संक्रमण को रोकने वाला एंटी-बैक्टीरियल प्रभाव और एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं। इसका एंटी-कफ गुण कफ की समस्या को कुछ हद तक रोकने और एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभाव सूजन में फायदेमंद हो सकता है (14)।

9.ड्राई फ्रूट्स

सूखे मेवे, जैसे कि खजूर, किशमिश, अंजीर और बादाम को सर्दियों के मौसम में खाया जा सकता है। ये पौष्टिक और गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थों की श्रेणी में आते हैं (1)। 

रिसर्च के अनुसार, डाई फ्रूट्स का सेवन करने से हृदय रोगों, टाइप 2 मधुमेह और चयापचय सिंड्रोम के जोखिम कम हो सकते हैं। साथ ही इसमें फाइबर, पोटेशियम और विटामिन सी जैसे सेहत के लिए जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं (15)।

10.गुड़

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही गुड़ का उपयोग अधिक होने लगता है। ये स्वाद के साथ ही औषधीय गुणों की वजह से रसोई और आयुर्वेदक चिकित्सा में विशेष स्थान रखता है। गुड़ में शुगर, आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, फास्फोरस जैसे पोषक तत्वों के साथ-साथ विटामिन ए और बी भी होते हैं। इसे रक्त को साफ करने और बीपी कम करने वाले स्वास्थ्य लाभों के लिए भी जाना जाता है (16)।

11.शहद

अन्य खाद्य पदार्थों के साथ ही शहद को भी गर्म खाद्यों की श्रेणी में रखा जाता है। ये सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्म रख सकता है (1)। शहद में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सिडेंट भरपूर होते हैं। यही नहीं, शहद का उपयोग करके शरीर के विषाक्त पदार्थों को साफ करने और प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने के लिए भी लाभदायक हो सकता है (17)।

12.लहसुन

सर्दियों के मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए लहसुन का सेवन भी किया जा सकता है। इसकी गर्म तासीर और पोषक तत्व इसे सर्दियों के लिए बेस्ट फूड बनाते हैं (18)। 

दरअसल, लहसुन में मौजूद विभिन्न कंपाउंड हृदय रोगों और ट्यूमर जैसी समस्याओं के जोखिम को कम कर सकते हैं। इसके अलावा, लहसुन से ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित हो सकता है, जिससे मधुमेह से बचा जा सकता है (19)।

13.अजवाइन

भारतीय रसोई में अजवाइन का उपयोग मसाले के रूप में विशेष रूप से किया जाता है। इसकी गर्म तासीर की वजह से सर्दियों के मौसम में इसे और लाभकारी माना जाता है (18)। 

साथ ही अजवाइन का उपयोग विभिन्न चिकित्सीय लाभों के लिए किया जा सकता है, जिसमें सूजन, थकान, दस्त, पेट के ट्यूमर, पेट दर्द, सांस लेने में परेशानी और भूख न लगना शामिल है। इतना ही नहीं, अजवाइन शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन, वसा, फाइबर, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन, और मिनरल्स जैसे पोषक तत्व होते हैं (20)।

ठंड में क्या खाएं जानने के बाद जानें सर्दियों के मौसम में क्या नहीं खाना चाहिए।

सर्दियों के मौसम में क्या नहीं खाना चाहिए

ठंड से बचने के लिए क्या खाएं, यह तो आप जान ही गए हैं। इन गर्म खाद्य पदार्थों का सेवन करने के साथ ही शरीर को ठंडा करने वाले खाद्य पदार्थों को सीमित करना जरूरी है। ये खाद्य कुछ इस प्रकार हैं (1)।

  • दही
  • खीरा
  • बरबेरी
  • तरबूज

प्राकृतिक रूप से प्राप्त खाद्य पदार्थों को मौसम के अनुसार खाया जाए, तो फायदे और भी ज्यादा मिल सकते हैं। हमने यहां सर्दियों के मौसम में क्या खाना चाहिए, इसकी जानकारी विस्तार से दी है। ये खाद्य पदार्थ शरीर को न सिर्फ गर्माहट देने में मदद करते हैं, बल्कि बीमारियों से भी बचा सकते हैं। 

बस तो ठंड में क्या खाएं विषय से जुड़े इस लेख को पढ़कर अपने आहार में इन खाद्यों को शामिल कर लें। हां, यदि इनमें से किसी से भी एलर्जी हो, तो उसके सेवन से बचें।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या हम सर्दियों में दूध पी सकते हैं?

हां, सर्दियों के मौसम में दूध को गर्म करके पी सकते हैं।

क्या सर्दियों में चिकन खाना सुरक्षित है?

हां, सर्दियों के दौरान चिकन का सेवन किया जा सकता है (21)।

सर्दी के मौसम में कौन सा जूस अच्छा होता है?

सर्दी के मौसम में अनार के जूस का सेवन फायदेमंद हो सकता है।

क्या खीरा सर्दियों में अच्छा होता है?

नहीं, खीरे की तासीर ठंडी होती है, जो सर्दिर्यों में शरीर को और ठंडा कर सकता है। हां, कम मात्रा में इसका सेवन किया जा सकता है (18)।

टिप्पणियाँ